ग्वालियर। भिंड रोड पर एक सनसनीखेज घटना सामने आई है जहां मामूली कार टक्कर के बाद गुस्साए युवकों ने रिटायर्ड फौजी और उनके बहनोई के साथ मारपीट की और विरोध करने पर फौजी को कार के बोनट पर लटकाकर सड़क पर कार दौड़ा दी, कुछ दूरी तक घसीटने के बाद आरोपी युवक उन्हें बोनट से पटककर मौके से फरार हो गए, इस पूरी घटना का वीडियो सामने आते ही सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
ग्वालियर के महाराजपुर थाना क्षेत्र के आदित्यपुरम गणेश कॉलोनी निवासी रिटायर्ड फौजी कल्याणकिशोर कांत शर्मा शनिवार रात करीब नौ बजे अपने बहनोई अवधेश शर्मा के साथ कार से घर लौट रहे थे, इसी दौरान आदित्यपुरम के पास उनकी कार एक दूसरी कार से टकरा गई, टक्कर के बाद दूसरी कार में सवार दो युवक गाली-गलौज करते हुए बाहर उतरे और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए।
जब रिटायर्ड फौजी ने हमलावरों को रोकने की कोशिश की तो आरोपियों ने उन्हें अपनी कार के बोनट पर टांग लिया और तेज रफ्तार में गाड़ी दौड़ा दी, कुछ दूर तक बोनट पर लटकाने के बाद उन्हें सड़क पर पटककर दोनों युवक फरार हो गए, मौके पर मौजूद लोगों ने इस खौफनाक मंजर का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घायल फौजी की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और कार्रवाई करते हुए कार समेत एक आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका दूसरा साथी अभी फरार है जिसकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

