एक्टर संजय मिश्रा और नीना गुप्ता जल्द ही अपनी अपकमिंग फिल्म वध 2 में नजर आने वाले हैं और ट्रेलर रिलीज के बाद से ही फिल्म चर्चा में बनी हुई है, इसी कड़ी में फिल्म की पूरी टीम हाल ही में नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा, नई दिल्ली पहुंची जहां प्रमोशन के दौरान माहौल कुछ ऐसा बन गया कि सिनेमा और थिएटर का जश्न एक साथ देखने को मिला।
एनएसडी पहुंचकर संजय मिश्रा, नीना गुप्ता और कुमुद मिश्रा को फैकल्टी और थिएटर प्रेमियों ने बेहद गर्मजोशी से स्वागत किया, क्योंकि ये तीनों ही एनएसडी के पूर्व छात्र हैं और अपने उसी पुराने संस्थान में लौटकर सभी कलाकार भावनाओं से भर उठे, खास तौर पर संजय मिश्रा इस दौरान काफी इमोशनल नजर आए।
बातचीत के दौरान संजय मिश्रा ने एनएसडी के दिनों को याद करते हुए कहा कि उन्हें आज भी ठीक से याद नहीं कि उन्होंने वहां क्लासरूम में क्या सीखा, लेकिन सीनियर्स और बड़े कलाकारों को देखकर उन्होंने जिंदगी और अभिनय का असली पाठ सीखा, उन्होंने बताया कि उनके आसपास इरफान खान जैसे कलाकार थे जिन्हें आप बस देखते रह सकते थे और उनसे बहुत कुछ सीख सकते थे।
संजय मिश्रा ने इरफान खान को याद करते हुए एक किस्सा साझा किया कि एक बार उन्होंने इरफान को परफॉर्म करते देखा और उनके मन में आया कि ये आदमी एक्टिंग कब शुरू करेगा, क्योंकि वह उस लेवल पर परफॉर्म कर रहे थे जहां अभिनय और वास्तविकता के बीच की रेखा मिट सी जाती है, इस अनुभव ने वहां मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया और यह साबित कर दिया कि असली सीख किताबों से नहीं बल्कि लोगों को देखकर मिलती है।
फिल्म वध 2 का निर्देशन जसपाल सिंह संधू कर रहे हैं और कहानी भी उन्होंने ही लिखी है, इस फिल्म को लव रंजन और अंकुर गर्ग ने लव फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया है और यह फिल्म 6 फरवरी 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है, जिसमें संजय मिश्रा और नीना गुप्ता के साथ कुमुद मिश्रा, अमित के सिंह, अक्षय डोगरा, शिल्पा शुक्ला और योगिता बिहानी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

