श्योपुर। मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क से बड़ी खुशखबरी सामने आई है। कूनो में चीतों का कुनबा लगातार बढ़ रहा है और मादा चीता आशा एक बार फिर मां बनी है। इस बार आशा ने पांच शावकों को जन्म दिया है और राहत की बात यह है कि सभी शावक पूरी तरह स्वस्थ बताए जा रहे हैं। इस खुशखबरी से वन विभाग के साथ-साथ पूरे प्रदेश में खुशी का माहौल है।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शावकों का वीडियो शेयर करते हुए इस खुशखबरी की जानकारी दी। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा कि कूनो नेशनल पार्क में चीतों का कुनबा बढ़ रहा है और अब तक यहां 24 शावकों का जन्म हो चुका है। मादा चीता आशा के पांच नए शावकों के आने के बाद कूनो में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 35 हो गई है।
सीएम डॉ मोहन यादव ने इस मौके पर वन विभाग की टीम को बधाई दी और कहा कि चीतों के संरक्षण और पुनर्वास की दिशा में यह एक बड़ी सफलता है। कूनो नेशनल पार्क में लगातार बढ़ रही चीतों की संख्या को लेकर वन्यजीव प्रेमियों में भी उत्साह देखने को मिल रहा है।

