ग्वालियर। ग्वालियर शहर में स्ट्रीट डॉग्स के आतंक का मामला सामने आया है, जहां एक कुत्ते ने अब तक 12 लोगों को काटकर घायल कर दिया है, इनमें महिलाएं, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं, जिससे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
बहोड़ापुर थाना क्षेत्र की 24 बीघा कॉलोनी में बार-बार हो रही घटनाओं से परेशान स्थानीय लोगों ने नगर निगम को सूचना देकर कुत्तों को पकड़वाने की मांग की, इसी दौरान एक महिला डॉग लवर ने कुछ स्ट्रीट डॉग्स को अपने घर में बंद कर लिया और निगम की टीम को उन्हें ले जाने से रोक दिया।
जब लोगों ने इसका विरोध किया और कुत्तों को बाहर निकालने की मांग की तो डॉग लवर और स्थानीय लोगों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई जो देखते ही देखते झगड़े में बदल गई, इसी दौरान किसी ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
मामले के बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई, वहीं पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

