निगम-मंडलों में जल्द होगी नियुक्तियां: BJP प्रदेश अध्यक्ष ने दिए संकेत, जानिए क्या कहा?

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर लंबे समय से चल रहा इंतजार अब खत्म होने की ओर है।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने संकेत दिए हैं कि बहुत जल्द नियुक्तियों की सूची जारी की जा सकती है।
प्रदेश अध्यक्ष के इस बयान के बाद निगम-मंडल में पद की आस लगाए नेताओं और कार्यकर्ताओं की उम्मीदें फिर से जाग गई हैं।

हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि पहले संगठन के पदों को भरना प्राथमिकता है और हाल ही में जिला प्रभारी घोषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि प्रकोष्ठों, कार्यसमिति और मोर्चों के गठन जैसे कई संगठनात्मक काम पूरे किए जा रहे हैं।
उनका कहना है कि संगठन जितना मजबूत रहेगा, भाजपा की राह उतनी ही आसान होगी।
निगम-मंडलों को लेकर उन्होंने साफ कहा कि पूरी तैयारी हो चुकी है और जल्द ही इसकी घोषणा कर दी जाएगी।

नियुक्तियों को लेकर उठ रही अटकलों के बीच भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी परांजपे का भी बड़ा बयान सामने आया है।
अश्वनी परांजपे ने कहा कि निगम-मंडल की नियुक्तियों में महिला शक्ति की मजबूत मौजूदगी रहेगी।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में महिलाओं को हमेशा सम्मानजनक स्थान मिलता रहा है और आगे भी यह परंपरा जारी रहेगी।

अश्वनी परांजपे ने यह भी कहा कि पहले भी निगम-मंडलों में महिलाओं को जिम्मेदारी दी गई है और आगे जो भी फैसले होंगे, वे पार्टी और समाज हित में होंगे।
राहुल गांधी के सिंगरौली दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि इस तरह के दौरे करना उनका काम है और भाजपा अपना काम पूरी प्रतिबद्धता के साथ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *