लाडली बहनों को 33वीं किस्त की सौगात, सीएम डॉ मोहन यादव खंडवा से करेंगे ट्रांसफर

 खंडवा। मध्य प्रदेश की लाडली बहना योजना की 33वीं किस्त का इंतजार कर रही महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है, 14 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव खंडवा जिले के पंधाना से सिंगल क्लिक के जरिए बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर करेंगे।

इस मौके पर मुख्यमंत्री करोड़ों रुपये के विकास कार्यों की भी सौगात देंगे, जिनमें कई निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन शामिल है। मुख्यमंत्री के खंडवा दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं और कार्यक्रम को लेकर व्यवस्थाएं बनाई जा रही हैं।

कलेक्टर ऋषव गुप्ता ने बताया कि 14 फरवरी को मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का पंधाना दौरा प्रस्तावित है, जहां लाडली बहना योजना की किस्त जारी की जाएगी और पंधाना विधानसभा क्षेत्र में पूर्ण हो चुके विकास कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा।

कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विधायक की अध्यक्षता में विभागीय बैठकों का दौर चल रहा है ताकि आयोजन सुचारू रूप से संपन्न हो सके।

गौरतलब है कि मध्य प्रदेश सरकार की लाडली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक अहम पहल है, जिसके तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1500 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है ताकि वे आत्मनिर्भर बन सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *