लव जिहाद का आरोप, बीजेपी पार्षद के बेटे पर नाबालिग को धमकी देकर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला दर्ज

बुरहानपुर। मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की को सोशल मीडिया के जरिए करीब आठ महीनों तक परेशान किए जाने का आरोप लगा है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीजेपी पार्षद शेख शाकिर के बेटे शेख अरशद के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

आरोप है कि आरोपी ने इंस्टाग्राम के माध्यम से नाबालिग से दोस्ती की और बाद में उसे फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि वह लगातार उस पर इस्लाम धर्म कबूल करने का दबाव बना रहा था। नाबालिग की शिकायत के बाद पुलिस ने धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, पॉक्सो एक्ट और एससी-एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसकी तलाश जारी है।

थाना प्रभारी अखिलेश मिश्रा के अनुसार आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम और स्नैपचैट के जरिए लड़की को प्रताड़ित कर रहा था और उसे डराकर अपनी बात मनवाने की कोशिश कर रहा था।

मामला सामने आते ही क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई है। हिंदू संगठनों ने आरोपी की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है और चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना-प्रदर्शन करेंगे। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह मामला अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और सभी की नजरें पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *