विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा जिले से सरकारी स्वास्थ्य व्यवस्था की एक चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है। भीषण गर्मी और उमस के बीच लटेरी तहसील के शासकीय अस्पताल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मरीजों के परिजन अपने घर से कूलर उठाकर अस्पताल ले जाते दिखाई दे रहे हैं।
वीडियो सामने आने के बाद सरकारी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े होने लगे हैं। बताया जा रहा है कि अस्पताल के वार्डों में गर्मी से राहत के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। कई पंखे खराब पड़े हैं और जो चल भी रहे हैं, वे इस भीषण गर्मी में मरीजों को राहत देने में नाकाफी साबित हो रहे हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दो लोग एक छोटा कूलर उठाकर अस्पताल के अंदर लेकर जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक मरीज की हालत गर्मी की वजह से लगातार बिगड़ रही थी, जिसके बाद परेशान परिजन मजबूरी में अपने घर से निजी कूलर लेकर अस्पताल पहुंचे ताकि मरीज को कुछ राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों का कहना है कि लटेरी का यह शासकीय अस्पताल पहले भी कई बार अव्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में रह चुका है। अस्पताल पर पहले भी लापरवाही और खराब व्यवस्थाओं के आरोप लगते रहे हैं।
एक तरफ सरकार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के बड़े-बड़े दावे करती है, वहीं दूसरी तरफ ग्रामीण और तहसील स्तर के अस्पतालों की ऐसी तस्वीरें सरकारी दावों की हकीकत सामने ला रही हैं। अब यह वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग और अस्पताल प्रबंधन पर कई सवाल उठ रहे हैं।

