‘यादव जी की लव स्टोरी’ पर मचा बवाल, बहन के बचाव में उतरे मृदुल तिवारी, बोले दिमाग के सारे वहम निकाल दूंगा

लखनऊ। फिल्म ‘घूसखोर पंडित’ के बाद अब उत्तर प्रदेश में ‘यादव जी की लव स्टोरी’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस फिल्म में बिग बॉस 19 के कंटेस्टेंट और यूट्यूबर मृदुल तिवारी की बहन प्रगति तिवारी ने अभिनय किया है, जिसके बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है।

संभल में यादव समुदाय के कुछ लोगों ने फिल्म की कहानी और शीर्षक पर आपत्ति जताते हुए प्रोड्यूसर, डायरेक्टर और कलाकारों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। उनकी मांग है कि फिल्म पर तत्काल प्रतिबंध लगाया जाए। विवाद बढ़ने के साथ ही सोशल मीडिया पर भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आने लगी हैं।

इसी बीच मृदुल तिवारी ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो साझा कर दावा किया कि उनकी बहन प्रगति तिवारी को गालियां दी जा रही हैं और जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कुछ फर्जी अकाउंट्स और असामाजिक तत्व लगातार भड़काऊ और आपत्तिजनक कमेंट कर रहे हैं।

मृदुल ने वीडियो में कहा कि लोगों द्वारा यह लिखा जा रहा है कि उन्हें जीने नहीं देंगे, गाड़ी दिखी तो आग लगा देंगे और जान से मार देंगे। उन्होंने सख्त लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि दिमाग में जितने भी वहम हैं, सब निकाल दिए जाएंगे और किसी ने हाथ लगाने की कोशिश की तो जवाब मिलेगा।

फिलहाल फिल्म को लेकर विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है और मामला अब कानूनी और सामाजिक बहस का रूप लेता जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *