महाकाल मंदिर में संध्या और शयन आरती की बुकिंग अब पूरी तरह ऑनलाइन, घर बैठे कर सकेंगे आरक्षण

उज्जैन। विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग में दर्शन व्यवस्था को और अधिक पारदर्शी और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मंदिर प्रबंध समिति ने बड़ा फैसला लिया है। डिजिटल व्यवस्था को आगे बढ़ाते हुए अब बाबा महाकाल की संध्या आरती और शयन आरती की बुकिंग प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन कर दी गई है।

अब देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालु घर बैठे ही अधिकृत वेबसाइट https://www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in के माध्यम से आरती में शामिल होने के लिए अपना स्थान सुनिश्चित कर सकेंगे। संध्या आरती की ऑनलाइन बुकिंग प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से शुरू होगी, जबकि शयन आरती के लिए बुकिंग शाम 4 बजे से उपलब्ध रहेगी। दोनों आरतियों के लिए प्रति श्रद्धालु 250 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है और पूरी प्रक्रिया ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर संचालित होगी।

आरती में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं को प्रवेश द्वार क्रमांक 1 से ही प्रवेश दिया जाएगा। संध्या आरती के लिए शाम 6 बजे तक और शयन आरती के लिए रात 10 बजे तक प्रवेश अनिवार्य होगा। निर्धारित समय के बाद प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

मंदिर प्रबंधन ने यह भी स्पष्ट किया है कि आरती के दौरान चलित दर्शन की व्यवस्था पहले की तरह जारी रहेगी, ताकि जो श्रद्धालु ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर पाए हैं वे भी कतार में लगकर बाबा महाकाल के दर्शन कर सकें। समिति का कहना है कि इस डिजिटल पहल का उद्देश्य व्यवस्थाओं को अधिक पारदर्शी, सुगम और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है, जिससे उज्जैन आने वाले हर भक्त को एक दिव्य और सहज अनुभव मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *