भोपाल। भोपाल के नीलम पार्क में शिक्षक भर्ती 2025 में चयनित अभ्यर्थियों का आंदोलन लगातार चौथे दिन भी जारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों से पहुंचे अभ्यर्थी पदवृद्धि की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। वहीं भूख हड़ताल पर बैठे चयनित अभ्यर्थी नरेंद्र राजपूत की तबीयत बिगड़ने के बाद मौके पर हलचल बढ़ गई।
नरेंद्र राजपूत की भूख हड़ताल का आज तीसरा दिन है। तबीयत बिगड़ने के बाद पुलिस की टीम उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए पहुंची, लेकिन नरेंद्र राजपूत ने अस्पताल जाने से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर सरकार की ओर से ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
वर्ग-2 में 25 हजार और वर्ग-3 में 3 हजार पद बढ़ाने की मांग
आंदोलन कर रहे अभ्यर्थी शिक्षक भर्ती वर्ग-2 में 25 हजार और वर्ग-3 में 3 हजार पदों की वृद्धि की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में अभ्यर्थी चयन प्रक्रिया से जुड़े होने के बावजूद नियुक्ति के इंतजार में हैं और पदवृद्धि से ज्यादा युवाओं को रोजगार का मौका मिल सकता है।
आश्वासन तक जारी रहेगा आंदोलन
अलग-अलग जिलों से आए चयनित अभ्यर्थियों ने नीलम पार्क में डेरा डाल रखा है। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक सरकार पदवृद्धि को लेकर स्पष्ट आश्वासन नहीं देती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन आंदोलन जारी रहेगा।
वहीं पुलिस प्रशासन मौके पर सुरक्षा व्यवस्था बनाए हुए है और आंदोलन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। फिलहाल नरेंद्र राजपूत अस्पताल जाने से इनकार कर अपनी मांग पर डटे हुए हैं।

