इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में प्लॉट दिलाने के नाम पर करोड़ों रुपए की ठगी करने वाले एक शातिर भू-माफिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। चंदननगर थाना पुलिस ने फारूख उर्फ लबू पिता नूर मोहम्मद, निवासी चंदू वाला रोड को हिरासत में लिया है।
थाना प्रभारी तिलक करोले के मुताबिक आरोपी फारूख लोगों को सस्ते और आकर्षक प्लॉट देने का लालच देता था, उनसे मोटी रकम वसूल करता और फिर फरार हो जाता था। इस मामले में फरियादी मुदस्सर नागौरी की शिकायत पर धोखाधड़ी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही थी और मुखबिर की सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार करने में सफलता मिली। फिलहाल आरोपी को रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है, ताकि ठगी के पूरे नेटवर्क और अन्य पीड़ितों की जानकारी सामने आ सके।
जानकारी के अनुसार फारूख उर्फ लबू के खिलाफ पहले से ही छह आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चार प्रकरण प्लॉट की धोखाधड़ी से जुड़े हुए हैं। ये सभी मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
पुलिस का कहना है कि जिन लोगों से जमीन और प्लॉट के नाम पर ठगी की गई है, उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।

