ग्वालियर। एआई समिट को लेकर शहर में राजनीतिक तापमान अचानक बढ़ गया। भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा ने दिल्ली में आयोजित एआई इंपैक्ट समिट के दौरान कांग्रेस की युवा इकाई द्वारा किए गए हंगामे के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया और राहुल गांधी का पुतला दहन किया।
मध्य प्रदेश में संभाग स्तर पर प्रदर्शन के ऐलान के तहत युवा मोर्चा के कार्यकर्ता नदी गेट चौराहे से शिंदे की छावनी स्थित कांग्रेस कार्यालय तक रैली निकालते हुए पहुंचे। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की। संभावित टकराव को देखते हुए पुलिस ने पहले से ही बैरिकेडिंग कर रखी थी, लेकिन प्रदर्शनकारी बैरिकेड तोड़ने की कोशिश करते नजर आए।
दूसरी ओर कांग्रेस कार्यकर्ता भी पीछे नहीं रहे। वे कांग्रेस कार्यालय के बाहर पार्टी का झंडा लहराते हुए नारेबाजी करते दिखे। माहौल तनावपूर्ण बना रहा और करीब दो घंटे तक टकराव की आशंका के बीच प्रदर्शन चलता रहा।
इस दौरान भाजपा युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष प्रतीक तिवारी के नेतृत्व में राहुल गांधी का पुतला दहन किया गया। जवाबी विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी नरेंद्र मोदी का पुतला जलाने की कोशिश की, लेकिन भारी पुलिस बल की मौजूदगी के कारण वे ऐसा नहीं कर सके और पुतला लेकर वहां से हट गए। पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय परिसर में पुतले की तलाश भी की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
फिलहाल कांग्रेस कार्यालय के बाहर पुलिस बल तैनात है और हालात पर नजर रखी जा रही है। शहर में एआई समिट को लेकर सियासी घमासान खुलकर सामने आ गया है।

