बड़वानी बस स्टैंड पर बेटे के सामने पिता की मौत, अचानक गिरे और फिर नहीं उठे

बड़वानी। मध्य प्रदेश के बड़वानी जिला मुख्यालय स्थित बस स्टैंड पर शनिवार शाम एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। एक 35 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई, वो भी अपने चार-पांच साल के मासूम बेटे के सामने। इस घटना से बस स्टैंड पर मौजूद लोग स्तब्ध रह गए।

मृतक की पहचान अलीराजपुर निवासी राकेश डावर के रूप में हुई है। वे अपने पुत्र किशु के साथ सेंधवा से अलीराजपुर लौट रहे थे और बड़वानी बस स्टैंड से बस में सवार हुए थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस में बैठने के कुछ ही देर बाद राकेश अचानक सीट से नीचे गिर पड़े। शुरुआत में लोगों को लगा कि शायद चक्कर आया होगा, लेकिन जब वे दोबारा नहीं उठे तो यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई।

मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत मदद के लिए आवाज लगाई। बोरलाय निवासी दिनेश यादव और बल्लू पहलवान ने सामाजिक कार्यकर्ता अजित जैन को सूचना दी। अजित जैन जब तक मौके पर पहुंचे, तब तक युवक की सांसें थम चुकी थीं।

प्राथमिक तौर पर मौत का कारण हार्ट अटैक या अचानक आई स्वास्थ्य समस्या माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया और परिजनों को सूचना दे दी गई।

इस हृदयविदारक घटना ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को झकझोर कर रख दिया, खासकर उस मासूम बच्चे की तस्वीर जिसने अपने पिता को अपनी आंखों के सामने गिरते देखा और फिर कभी उठते नहीं देखा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *