पाढुर्णा में डकैती की 5 सनसनीखेज वारदातें, नकाबपोश बदमाशों ने मचाया आतंक

 पांढुर्णा। मध्य प्रदेश के पाढुर्णा में डकैती की एक नहीं बल्कि पांच बड़ी वारदातों से हड़कंप मच गया है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन नकाबपोश और हथियारधारी बदमाशों ने अलग-अलग मकानों को निशाना बनाया और लाखों रुपये के जेवरात व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

जानकारी के मुताबिक बदमाशों ने घरों में घुसकर मकान मालिकों के साथ मारपीट की। संतोषी माता वार्ड में वन विभाग कर्मचारी सुनील यदुवंशी के घर में घुसे बदमाशों ने लोहे की रॉड से हमला किया। वहीं पीड़िता कंचन कौशिक ने बताया कि बदमाशों ने उनके गले पर रॉड लगाकर जान से मारने की धमकी दी और सोने का मंगलसूत्र व कान के झुमके छीन लिए।

साई धाम कॉलोनी के निवासी अमित डोंगरे ने बताया कि बदमाशों ने उनके घर की खिड़की पर पत्थरों से हमला कर अंदर घुसने की कोशिश की। इसी तरह दो अन्य मकानों में भी नकाबपोश डकैतों ने वारदात को अंजाम दिया। लगातार हुई इन घटनाओं से इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुटी है। एक ही रात में पांच वारदातों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सभी की नजर पुलिस की आगे की कार्रवाई पर टिकी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *