जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से जुड़े फर्जी पासपोर्ट मामले में एटीएस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोलकाता से पांच अफगानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में जिया उल रहमान, सुल्तान, मोहम्मद रजा खान और सैयद मोहम्मद जफर खान के नाम सामने आए हैं। कार्रवाई के बाद सभी को जबलपुर लाया गया।
जांच में सामने आया है कि ये अफगानी नागरिक कई साल पहले भारत आए थे और फर्जी दस्तावेजों के जरिए पासपोर्ट बनवाने के बाद कोलकाता में रह रहे थे। वहां वे कथित तौर पर सूदखोरी के कारोबार में भी लिप्त थे। पूरे नेटवर्क का संचालन जबलपुर के अफगानी नागरिक सोहबत खान के जरिए किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि वर्ष 2024 में ढाई लाख रुपये लेकर एक अफगानी नागरिक का फर्जी पासपोर्ट तैयार कराया गया था।
इससे पहले भी इसी मामले में तीन अफगानी नागरिकों और उनके तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अगस्त 2025 में छोटी ओमती क्षेत्र से सोहबत खान की गिरफ्तारी के बाद इस पूरे गिरोह का खुलासा हुआ था।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें 25 फरवरी तक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है और एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हैं।

