चाऊमीन पर बवाल, बाराती-घराती भिड़े और दुल्हन ने तोड़ दी शादी

आगरा. कासगंज के गंजडुंडवारा क्षेत्र स्थित श्रीराम गेस्ट हाउस में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब बाराती और घराती चाऊमीन को लेकर आपस में भिड़ गए। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते बड़ा रूप ले लिया और हालात ऐसे बन गए कि पुलिस बुलानी पड़ी।

जानकारी के मुताबिक थाना सिढपुरा क्षेत्र के एक युवक की शादी थाना दरियागंज क्षेत्र की युवती से तय हुई थी। बारात धूमधाम से पहुंची, रस्में शुरू हुईं और माहौल खुशियों से भरा हुआ था। लेकिन इसी बीच खाने में परोसी जा रही चाऊमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी कि माहौल तनावपूर्ण हो गया और शादी का रंग फीका पड़ गया।

हंगामा बढ़ता देख दुल्हन ने बड़ा फैसला लेते हुए शादी करने से साफ इनकार कर दिया। यह सुनते ही सब हैरान रह गए। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों पक्षों को थाने ले गई और समझाइश दी। काफी बातचीत के बाद दोनों परिवारों ने आपसी सहमति से शादी रद्द करने का निर्णय ले लिया।

चाऊमीन को लेकर शुरू हुआ यह विवाद अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां लोग हैरानी जता रहे हैं कि एक छोटी सी बात ने दो परिवारों का रिश्ता बनने से पहले ही तोड़ दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *