नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले से एक ऐसी खबर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। जिस घर में कुछ ही दिनों बाद शादी की शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है। दुल्हन के इकलौते भाई की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक 20 वर्षीय सौरभ गंगवाल अपनी बड़ी बहन की शादी का कार्ड बांटने रतनगढ़ गया था। 11 मार्च को शादी तय थी और घर में तैयारियां जोरों पर चल रही थीं। कार्ड बांटकर लौटते समय नीमच-सिंगोली मार्ग पर ग्राम दड़ोली के पास निर्माणाधीन पुलिया पर उसकी बाइक अनियंत्रित होकर जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि सौरभ की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद गौरव काणिगावा गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बताया जा रहा है कि पुलिया निर्माण के चलते रास्ता डायवर्ट किया गया था, लेकिन मौके पर न तो स्पष्ट संकेतक थे और न ही कोई चेतावनी बोर्ड सही हालत में लगा था। अंधेरे में बाइक सीधे निर्माणाधीन हिस्से में जा गिरी और एक परिवार की खुशियां पलभर में उजड़ गईं।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन सवाल ये है कि लापरवाही किसकी थी? और उस बहन का दर्द कौन समझे, जिसकी शादी से ठीक पहले उसके इकलौते भाई ने हमेशा के लिए साथ छोड़ दिया।

