सीट बंटवारे पर बोले पप्पू यादव- कांग्रेस गठबंधन धर्म निभा रही है, JMM को बाहर रखना गलत परंपरा, लालू यादव से की अपील

बिहार की सियासत में महागठबंधन की सीट बंटवारे को लेकर जारी खींचतान अब और गर्म हो गई है। निर्दलीय सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने इस पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गठबंधन धर्म का पालन कर रही है और किसी भी हाल में इसे तोड़ने की मंशा नहीं रखती।

पप्पू यादव ने कहा कि कांग्रेस अभी तक ‘फ्रेंडली फाइट’ की स्थिति में है और हमेशा गठबंधन धर्म निभाने का काम करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या बिना कांग्रेस के सरकार बन जाएगी या कोई मुख्यमंत्री पद पर बैठ जाएगा। उनका मानना है कि गठबंधन को तोड़ने के पीछे कोई बड़ी ताकत काम कर रही है।

झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) द्वारा बिहार में 6 सीटों पर अकेले चुनाव लड़ने की घोषणा पर भी पप्पू यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि JMM को कम से कम 3-4 सीटों पर गठबंधन में शामिल होना चाहिए था। उन्होंने राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव से अपील करते हुए कहा कि यह गलत परंपरा है, इसे बदलना होगा और JMM को गठबंधन में शामिल रखा जाना चाहिए।

पप्पू यादव ने आगे कहा कि नेता गठबंधन धर्म को मजबूत करना चाहते हैं, लेकिन किसी के विचार या नीतियों पर हमला बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

इस बयान के बाद यह साफ हो गया है कि महागठबंधन के भीतर सीटों के तालमेल को लेकर असंतोष बढ़ रहा है। आगामी उपचुनाव और 2025 विधानसभा चुनाव से पहले गठबंधन में इस खींचतान के राजनीतिक नतीजे अहम साबित हो सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *