भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में धर्मांतरण और रेप के मामले में पुलिस जांच के दौरान कई चौंकाने वाले खुलासे सामने आए हैं। इस मामले में सेक्स रैकेट से जुड़े आरोपी चंदन यादव को रायसेन जिला का निवासी बताया जा रहा है, जो भोपाल आकर एक स्पा सेंटर में काम कर रहा था और तीन साल तक अमरीन के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहा। पुलिस फिलहाल फरार आरोपी बिलाल, चानू और यासिर की तलाश में जुटी है और तथाकथित ‘बड़े लोगों’ से संबंधों के दावों की भी जांच कर रही है।
जांच में सामने आया है कि स्पा सेंटर की आड़ में कथित तौर पर जिस्मफरोशी का अड्डा संचालित किया जा रहा था। पुलिस को आरोपियों के मोबाइल फोन से व्हाट्सएप ग्रुप मिले हैं, जिनमें देह व्यापार से जुड़ी गतिविधियों की आशंका जताई जा रही है। बताया गया है कि अमरीन और उसकी बहन आफरीन तलाकशुदा हैं और अमरीन चंदन यादव के साथ लिव-इन में रह रही थी। यह भी जानकारी सामने आई है कि आरोपी अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे शहरों तक लड़कियां भेजने की बात स्वीकार कर रहे हैं। अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम अहमदाबाद रवाना की गई है और कॉल डिटेल रिकॉर्ड, डिजिटल चैट व जब्त मोबाइल की फॉरेंसिक जांच की जा रही है।
मामले में भोपाल की दो सगी बहनों पर काम दिलाने के बहाने धर्मांतरण कराने और सेक्स रैकेट चलाने का आरोप है। पूछताछ में यह भी दावा किया गया है कि कुछ युवतियों का धर्म परिवर्तन कर उन्हें कथित रूप से संपन्न युवकों के संपर्क में भेजा जाता था और मुंबई व गुजरात जैसे शहरों में सप्लाई किया जाता था।
इस पूरे प्रकरण में छत्तीसगढ़ की एक ब्यूटीशियन और भोपाल निवासी एक युवती ने बागसेवनिया थाने में शिकायत दर्ज कराई है, जिसके आधार पर तीन आरोपियों के खिलाफ रेप और एक महिला पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने की एफआईआर दर्ज की गई है। पीड़िताओं ने पुलिस को कुछ सबूत भी सौंपे हैं, जिनमें अन्य युवतियों के कथित धर्मांतरण के दावे शामिल हैं।
फिलहाल पुलिस ने मुख्य आरोपी अमरीन, उसकी बहन आफरीन और चंदन यादव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूरे नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।

