ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां छोटे भाई की लव मैरिज का खामियाजा बड़े भाई को भुगतना पड़ा। आरोप है कि लड़की के परिजन शादी से नाराज थे और गुस्से में आकर बड़े भाई का मकान जेसीबी से तुड़वा दिया।
घटना घाटीगांव थाना क्षेत्र के घेघोली गांव की बताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक गांव के एक युवक ने प्रेम विवाह किया था, जिससे लड़की का परिवार नाराज था। विवाह के बाद कथित तौर पर लड़की के घरवालों ने युवक के बड़े भाई के मकान पर जेसीबी चलवा दी और घर को ध्वस्त कर दिया। बताया जा रहा है कि यह घटना करीब पांच महीने पहले हुई थी, जिसके बाद डर और दहशत के कारण पीड़ित परिवार शहर छोड़कर बाहर चला गया था।
अब करीब पांच महीने बाद परिवार ग्वालियर लौटा है और वापस आते ही थाने पहुंचकर पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

