मुलताई में किन्नर अखाड़ा की भव्य घर वापसी, सैकड़ों किन्नर होंगे शामिल, आस्था और समरसता का अनोखा संगम

 बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिला की पवित्र नगरी मुलताई में मां ताप्ती की धरा पर किन्नर अखाड़ा द्वारा सैकड़ों किन्नरों की ‘घर वापसी’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस विशेष कार्यक्रम में विदर्भ क्षेत्र सहित मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के कई शहरों से किन्नर समाज के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे, जहां आस्था, परंपरा और सामाजिक समरसता का अद्भुत संगम देखने को मिलेगा।

किन्नर अखाड़ा के पदाधिकारियों के अनुसार देशभर में किन्नर बच्चों के धर्मांतरण की घटनाओं को देखते हुए यह अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य उन लोगों की विधि-विधान से सनातन धर्म में पुनः वापसी कराना है जिनका धर्मांतरण हो चुका है। कार्यक्रम में शामिल होने के लिए किन्नर समाज की प्रमुख हस्तियां जगतगुरु काजल मां, जगत गुरु संजना मां, रानी ठाकुर और मुस्कान मुलताई पहुंच चुकी हैं।

जगतगुरु काजल मां ने बताया कि जो किन्नर अपने मूल धर्म से भटक गए थे, उनकी वैदिक रीति से घर वापसी कराई जाएगी। कार्यक्रम की शुरुआत मां ताप्ती के पावन सरोवर में स्नान से होगी, इसके बाद मां काली मंदिर और ताप्ती मंदिर में पूजा-अर्चना कर घंटा चढ़ाया जाएगा।

हवन-पूजन और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच धर्म में पुनः प्रवेश की प्रक्रिया संपन्न होगी। मां ताप्ती के तट पर आयोजित यह कार्यक्रम धार्मिक आस्था, सामाजिक एकजुटता और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक बनकर उभरने जा रहा है, जहां सनातन परंपरा का भव्य दृश्य साकार होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *