नीले गगन में गूंजी शहनाई, हेलीकॉप्टर से ससुराल पहुंची दुल्हन

शहडोल। शहडोल जिले के धमनी कला गांव में उस वक्त हर नजर आसमान की ओर उठ गई, जब खेतों के ऊपर मंडराता हेलीकॉप्टर एक बेटी की शाही विदाई का गवाह बना। पहली बार इस गांव में किसी दुल्हन की डोली सड़क के रास्ते नहीं, बल्कि आसमान के रास्ते ससुराल के लिए रवाना हुई और पूरा इलाका इस ऐतिहासिक पल का साक्षी बन गया।

खैरहा थाना क्षेत्र के धमनी कला गांव में जमींदार किसान और पूर्व जनपद पंचायत उपाध्यक्ष अंजय सिंह के बेटे आदित्य सिंह की शादी सतना जिले की मृगांसी के साथ संपन्न हुई। शादी की रस्में पूरी होने के बाद जब विदाई का समय आया तो घर के पास बनाए गए अस्थायी हेलीपैड पर हेलीकॉप्टर उतरा और माहौल उत्साह से भर गया।

जिला प्रशासन से विधिवत अनुमति और सुरक्षा व्यवस्था के बीच जैसे ही दुल्हन हेलीकॉप्टर में सवार हुई, गांव में खुशी की लहर दौड़ गई। बच्चे हाथ हिलाते नजर आए, महिलाएं छतों पर चढ़कर इस अनोखे दृश्य को देखती रहीं और बुजुर्ग इसे गांव के इतिहास का यादगार क्षण बताते दिखाई दिए।

हेलीकॉप्टर के उड़ान भरते ही शहनाई की गूंज मानो नीले गगन में घुल गई और एक बेटी की विदाई हमेशा के लिए गांव की यादों में दर्ज हो गई। अब इस शाही विदाई की चर्चा पूरे शहडोल जिले में हो रही है और लोग इसे बदलते दौर की नई परंपरा के रूप में देख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *