सतना। सतना जिले के पीएमश्री शासकीय डिग्री कॉलेज से जुड़ा एक हैरान कर देने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने उच्च शिक्षा व्यवस्था और कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। बताया जा रहा है कि वीडियो कॉलेज के एक क्लासरूम का है, जहां नियमित रूप से पढ़ाई चल रही थी और छात्राएं अपनी-अपनी डेस्क पर बैठी थीं, लेकिन ठीक उनके बीच एक बेंच पर एक कुत्ता गहरी नींद में सोता नजर आया।
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि कक्षा का संचालन सामान्य तरीके से हो रहा है। चारों ओर छात्राएं बैठी हैं और उसी बीच एक बेजुबान जानवर बेखौफ होकर आराम फरमा रहा है। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि न तो किसी छात्रा ने उसे बाहर निकालने की कोशिश की और न ही मौजूद स्टाफ या प्रोफेसर ने इस पर कोई हस्तक्षेप किया। ऐसा प्रतीत हुआ मानो क्लासरूम में कुत्ते की मौजूदगी एक सामान्य बात हो।
जानकारी के अनुसार कुत्ता काफी देर तक उसी बेंच पर सोता रहा। जब उसकी नींद पूरी हुई तो वह आराम से उठा, अंगड़ाई ली और बिना किसी रोक-टोक के क्लास से बाहर निकल गया। पढ़ाई का माहौल तो चलता रहा, लेकिन सुरक्षा के नजरिए से इसे बड़ी लापरवाही माना जा रहा है।
यह घटना न केवल कॉलेज परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, बल्कि पीएमश्री जैसी महत्वाकांक्षी योजना के तहत संचालित संस्थानों के प्रबंधन पर भी चिंताएं बढ़ा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कोई अप्रिय घटना हो जाती तो जिम्मेदारी किसकी होती। फिलहाल यह वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और कॉलेज प्रशासन की कार्यप्रणाली पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

