पद और प्रोटोकॉल से ऊपर इंसानियत, भोपाल के VIP रोड पर हादसा देख शिवराज सिंह चौहान ने रोका काफिला

भोपाल। भोपाल से एक दिल छू लेने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां केंद्रीय कृषि मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इंसानियत की मिसाल पेश की। मामला भोपाल के वीआईपी रोड, चेतक ब्रिज इलाके का है, जहां सड़क हादसे में एक युवक घायल होकर सड़क किनारे पड़ा था। उसी दौरान शिवराज सिंह चौहान अपने आवास से एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे।

रास्ते में भीड़ और दुर्घटना की सूचना मिलते ही उन्होंने बिना देर किए अपना काफिला रुकवा दिया। प्रोटोकॉल और सुरक्षा घेरों के बीच उन्होंने खुद गाड़ी से उतरकर घायल युवक के पास पहुंचकर उसका हालचाल जाना। मौके की गंभीरता को देखते हुए उन्होंने अपने काफिले में शामिल एक वाहन को तुरंत अलग किया और घायल को बेहतर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाने के सख्त निर्देश दिए।

इतना ही नहीं, उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि युवक के इलाज में किसी तरह की लापरवाही न हो और उसे हर संभव बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस मानवीय पहल की जमकर सराहना कर रहे हैं।

एक बार फिर यह दृश्य याद दिलाता है कि पद, शक्ति और प्रोटोकॉल से ऊपर अगर कुछ है तो वह है इंसानियत, और सही समय पर लिया गया एक मानवीय फैसला किसी की जिंदगी बचा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *