इंदौर। इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में सामने आए एक मामले ने सामाजिक और राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। हिंदू संगठन बजरंग दल ने इसे कथित ‘लव जिहाद’ का मामला बताते हुए राजस्थान के चूरू निवासी इरफान खान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन का दावा है कि युवक ने सोशल मीडिया के जरिए बिहार की एक शादीशुदा महिला से संपर्क किया और उसे इंदौर बुलाया था। आरोप है कि इसके बाद उसे कोटा ले जाने की तैयारी की जा रही थी।
बजरंग दल के अनुसार सूचना मिलने पर उसके कार्यकर्ता तीन इमली बस स्टैंड पहुंचे, जहां युवक और महिला मौजूद थे। संगठन के कार्यकर्ताओं ने युवक को पकड़कर आजाद नगर पुलिस के हवाले कर दिया। संगठन का आरोप है कि युवक महिला पर गर्भपात कराने का दबाव बना रहा था और उसके पास गर्भपात से जुड़ी दवाइयां भी मिली थीं। साथ ही यह भी दावा किया गया कि महिला नशे की हालत में थी। हालांकि इन आरोपों की अब तक पुलिस द्वारा आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और मामले की जांच जारी है।
इस मामले में बजरंग दल ने आजाद नगर थाना प्रभारी लोकेश भदोरिया पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। संगठन की पदाधिकारी तनु शर्मा का कहना है कि पुलिस ने मामले को अपेक्षित गंभीरता से नहीं लिया और सहयोग भी नहीं किया। उनका दावा है कि यदि संगठन समय पर मौके पर नहीं पहुंचता तो महिला के साथ कोई बड़ी घटना हो सकती थी।
संगठन ने यह आरोप भी लगाया है कि महिला से अलग कमरे में बातचीत के बाद उसके बयान बदल गए। हालांकि इन आरोपों पर पुलिस या थाना प्रभारी की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
पुलिस ने महिला के पति को पूरे मामले की जानकारी दे दी है, जिसके बाद वह बिहार से इंदौर के लिए रवाना हो गए हैं। फिलहाल आजाद नगर थाना पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है और आगे क्या कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

