ग्वालियर। मध्यप्रदेश में लव जिहाद के बाद अब कथित ‘ज्योतिष जिहाद’ का मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। ग्वालियर में यूपी के मुरादाबाद निवासी शकील खान पर आरोप है कि उसने फर्जी हिंदू ज्योतिषी बनकर एक छात्रा को ठगी का शिकार बनाया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो साथी अभी फरार बताए जा रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक आरोपी शकील खान ने सोशल मीडिया पर “एस्ट्रोलॉजर शुभम पठान” के नाम से इंस्टाग्राम आईडी बना रखी थी। छात्रा ने इसी आईडी के जरिए संपर्क किया था। आरोपी ने खुद को हिंदू ज्योतिषी बताते हुए छात्रा की कुंडली में दोष होने की बात कही और तंत्र-मंत्र, पूजा-पाठ के नाम पर उसे झांसे में ले लिया।
आरोप है कि आरोपी ने अच्छी नौकरी और मनपसंद वर मिलने का लालच देकर छात्रा से 10 हजार रुपये नकद और लाखों रुपये के सोने के जेवर ठग लिए। जब घर से जेवर गायब होने का पता चला तो परिजनों की पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ।
इसके बाद छात्रा की चाची ने जाल बिछाकर आरोपी से दोबारा संपर्क किया और उसे ग्वालियर बुलाया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस भी अलर्ट हो गई। बताया जा रहा है कि शकील अपने दो साथियों के साथ कार से हरिद्वार से ग्वालियर पहुंचा था। जैसे ही आरोपी मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
फिलहाल मुरार थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

