अस्पताल में सनकी मरीज का हंगामा, शराब पीने से रोका तो कट्टे से कर दी फायरिंग, दहशत में मरीज और स्टाफ

सतना। सतना जिले के उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उस वक्त हड़कंप मच गया जब एक भर्ती मरीज ने अस्पताल के बेड पर शराब पीने से रोके जाने पर कट्टे से फायर कर दहशत फैला दी और मौके से फरार हो गया, घटना के बाद अस्पताल में भर्ती मरीजों और स्टाफ के बीच डर का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के मुताबिक उचेहरा थाना क्षेत्र के कोठी रमपुरवा निवासी 23 वर्षीय शिवम द्विवेदी कमजोरी के चलते पिछले दो दिनों से अस्पताल के मेडिकल वार्ड में भर्ती था, शुक्रवार देर रात करीब 12:30 बजे वार्ड स्टाफ ने उसे बेड पर बैठकर शराब पीते हुए देखा और इसकी सूचना ड्यूटी डॉक्टर दीपक पांडेय को दी, डॉक्टर ने मौके पर पहुंचकर मरीज को ऐसा करने से रोका तो वह गाली-गलौज करने लगा।

बताया जा रहा है कि डॉक्टर के मना करने से नाराज होकर शिवम अस्पताल के बाहर पहुंचा, बाइक स्टार्ट की और कट्टे से फायर कर दिया, इस दौरान ड्यूटी डॉक्टर बाल-बाल बच गए, घटना के तुरंत बाद डॉक्टर ने डायल 112 को सूचना दी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो चुका था।

इस घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई और मरीजों में दहशत फैल गई, बीएमओ डॉक्टर ए के राय के अनुसार आरोपी पहले भी इलाज के दौरान बीच-बीच में अस्पताल से चला जाता था, फिलहाल अस्पताल प्रबंधन ने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *