मैहर। मध्य प्रदेश के मैहर जिले में एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां भाई की बरसी के कार्यक्रम के दौरान पटेहरा तालाब में डूबने से दो चचेरी बहनों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, इस घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली थाना क्षेत्र के पटेहरा तालाब पर परिवार के लोग बरसी कार्यक्रम के लिए पहुंचे थे, बताया जा रहा है कि मृतका आंचल चौधरी के भाई की एक साल पहले इसी तालाब में डूबने से मौत हुई थी और उसी की बरसी के लिए घर में अनुष्ठान चल रहा था, इसी दौरान परिवार की महिलाएं और बच्चे तालाब में दाल धोने और नहाने गए थे।
नहाते समय अचानक एक बच्ची का पैर फिसल गया और उसे बचाने के प्रयास में चारों किशोरियां और युवतियां गहरे पानी में समा गईं, इस हादसे में 10 वर्षीय पूनम चौधरी और 20 वर्षीय आंचल चौधरी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आंचल की बहन शालू और एक अन्य बच्चे को स्थानीय लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाल लिया और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस मौके पर पहुंची, रेस्क्यू टीम ने शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा, वहीं जिला प्रशासन ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है, फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

