सिरदर्द समझती रही लड़की, सिर के अंदर निकली 1 इंच लंबी गोली! डॉक्टरों ने किया चौंकाने वाला खुलासा

दमोह। मध्य प्रदेश के पन्ना जिले से एक ऐसा हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसने डॉक्टरों तक को चौंका दिया। एक 17 वर्षीय किशोरी कई दिनों से सिर में तेज दर्द से परेशान थी और उसे लग रहा था कि यह सामान्य सिरदर्द या कोई मामूली चोट है। लेकिन जब डॉक्टरों ने जांच की तो सच्चाई जानकर हर कोई हैरान रह गया। किशोरी के सिर के अंदर करीब एक इंच लंबी बंदूक की गोली फंसी हुई थी और उसे इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं था।

यह पूरा मामला पन्ना जिले के सिमरिया थाना क्षेत्र के बनौली गांव का है। यहां रहने वाली सपना रैकवार को अचानक सिर में तेज दर्द शुरू हुआ। दर्द बढ़ने पर परिजन उसे गांव के एक स्थानीय चिकित्सक के पास लेकर गए। वहां सिर पर पट्टी बांध दी गई और कुछ दवाइयां देकर घर भेज दिया गया। लेकिन दर्द कम होने के बजाय लगातार बढ़ता गया और सपना की हालत बिगड़ने लगी।

जब राहत नहीं मिली तो परिजन उसे दमोह जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टर अभिषेक त्रिपाठी और उनकी टीम ने जब इलाज शुरू किया तो उन्हें सिर पर एक छोटा सा घाव दिखाई दिया। ड्रेसिंग के दौरान जैसे ही घाव को साफ किया गया, अंदर कोई धातु जैसी चीज चमकती नजर आई। डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक उसे बाहर निकाला तो सभी दंग रह गए। वह कोई सामान्य धातु का टुकड़ा नहीं बल्कि करीब एक इंच लंबी असली बंदूक की गोली थी।

सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि गोली सिर में होने के बावजूद सपना को न तो इसका अहसास हुआ और न ही उसकी जान को कोई गंभीर खतरा पहुंचा। डॉक्टरों की टीम ने बिना किसी बड़े ऑपरेशन के गोली को सफलतापूर्वक बाहर निकाल लिया। अस्पताल के चिकित्सकों और स्टाफ की इस सूझबूझ और तत्परता की अब हर तरफ सराहना हो रही है।

डॉक्टरों के अनुसार गोली की स्थिति और बनावट को देखकर संभावना जताई जा रही है कि यह गोली सीधे किशोरी को नहीं लगी थी। अनुमान है कि कहीं दूर से चली गोली किसी दीवार, पेड़ या अन्य वस्तु से टकराने के बाद कम गति में उसके सिर में आकर धंस गई होगी। यही वजह रही कि उसे गोली लगने जैसा झटका महसूस नहीं हुआ और वह इसे साधारण सिरदर्द समझती रही।

फिलहाल सपना अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत पूरी तरह स्थिर बताई जा रही है। वहीं पुलिस ने भी मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि आखिर यह गोली कहां से चली और किन परिस्थितियों में किशोरी के सिर तक पहुंची। यह अनोखा मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इसे किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *