भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में नकली और नशीली कफ सिरप के कारोबार को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। इस मामले में एसटीएफ ने फरार चल रहे तीन मुख्य आरोपियों पर 30-30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। जांच एजेंसी के अनुसार ये आरोपी अवैध कफ सिरप की सप्लाई चेन से जुड़े हुए थे और ग्रामीण इलाकों में इसकी खपत कराने का काम करते थे। अब एसटीएफ इनकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
हाल ही में एसटीएफ ने मुबारकपुर एयरपोर्ट रोड इलाके में छापेमार कार्रवाई कर करीब 50 लाख रुपये कीमत की नशीली कफ सिरप बरामद की थी। जब्त किए गए स्टॉक में ऑफ-कफ और ऑनरेक्स ब्रांड की बड़ी मात्रा शामिल थी। इस कार्रवाई के बाद जांच का दायरा और बढ़ा तो कई अहम जानकारियां सामने आने लगीं।
इससे पहले गांधी नगर क्षेत्र की पटेल सिटी स्थित एक किराए के मकान पर भी एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की थी। यहां से दो कमरों में रखी अवैध कफ सिरप की भारी खेप बरामद हुई थी। मौके से 700 से ज्यादा पेटियां और पैकिंग मशीनें जब्त की गई थीं, जिनकी कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी गई थी। इस कार्रवाई के दौरान 10 लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें तीन नाबालिग भी शामिल थे।
जांच में सामने आया है कि अर्जुन मालवीय उर्फ निखिल, नितिन साहू उर्फ राहुल और सलमान खान उर्फ बाबू भाई इस पूरे नेटवर्क के अहम किरदार हैं। तीनों फिलहाल फरार हैं और एसटीएफ ने उनकी गिरफ्तारी पर 30-30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
पड़ताल में यह भी पता चला है कि आरोपी हरियाणा और उत्तराखंड से कफ सिरप मंगवाकर भोपाल में उसकी रिपैकिंग करते थे। सिरप के बैच नंबर और एक्सपायरी डेट मिटाकर उसे नए पैक में तैयार किया जाता था। इतना ही नहीं, 140 रुपये एमआरपी वाली बोतलों को करीब 200 रुपये में बेचकर मोटा मुनाफा कमाया जा रहा था।
फिलहाल एसटीएफ इस पूरे रैकेट की गहराई से जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि कफ सिरप में नशे की मात्रा बढ़ाने के लिए किसी अन्य पदार्थ की मिलावट तो नहीं की जा रही थी। साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि यह अवैध माल किन लोगों और किन क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा था। जांच आगे बढ़ने के साथ इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

