इंदौर। इंदौर से एक बेहद भावुक और परेशान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पूजा मालवीय नाम की एक महिला अपने पति पर गंभीर आरोप लगाते हुए पिछले छह महीनों से न्याय की गुहार लगा रही है। पूजा का कहना है कि वह तीन महीने की गर्भवती है, लेकिन इस हालत में भी पुलिस थाने से लेकर जनसुनवाई और अधिकारियों के दफ्तरों तक लगातार चक्कर काट रही है।
महिला का आरोप है कि उसके पति लालसिंह मालवीय ने पहले दूसरी शादी की और अब तीसरी शादी करने की तैयारी में उसे छोड़ दिया है। इतना ही नहीं, उसकी मासूम बेटी को भी उससे दूर कर दिया गया है। पूजा का कहना है कि उसकी सबसे बड़ी इच्छा अपनी बेटी को वापस पाने की है, लेकिन अब तक उसे कोई राहत नहीं मिली है।
पूजा ने आरोप लगाया है कि उसका पति उसे लगातार धमकियां देता है। उसके मुताबिक, पति का कहना है कि अगर उसके खिलाफ कोई कार्रवाई हुई तो वह आत्महत्या कर लेगा और बच्ची को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इन कथित धमकियों के चलते महिला लगातार डर और मानसिक तनाव के साए में जी रही है।
पीड़िता का कहना है कि उसने जनसुनवाई में कई आवेदन दिए, लसूड़िया थाने में शिकायत दर्ज कराई और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों को भी ज्ञापन सौंपे, लेकिन छह महीने बीत जाने के बावजूद उसे न्याय मिलता नजर नहीं आ रहा है।
अब गर्भ में पल रहे बच्चे और अपनी बेटी की चिंता में डूबी पूजा प्रशासन से एक ही मांग कर रही है—उसे न्याय मिले, उसकी बेटी उसे वापस मिले और उसकी तथा उसके बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।
फिलहाल, इस मामले में संबंधित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।

