इछावर में पकड़ा गया चमड़े से भरा ट्रक, बजरंग दल का हंगामा, जांच जारी

इछावर। राजधानी भोपाल में हाल ही में मांस से भरे ट्रक की घटना के बाद अब सीहोर जिले के इछावर में एक और मामला सामने आया है, जहां बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने गाय और भैंस के चमड़े से भरा एक ट्रक पकड़ने का दावा किया है, इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और माहौल तनावपूर्ण हो गया।

जानकारी के मुताबिक काकरखेड़ा स्थित अल्फा प्रोटीन चमड़ा फैक्ट्री में उस वक्त बवाल खड़ा हो गया जब कार्यकर्ताओं ने ट्रक को रोककर जांच की और आरोप लगाया कि इसमें करीब 350 क्विंटल माल भरा हुआ है, जिसे कोलकाता से लाया गया है, इसके बाद फैक्ट्री गेट पर जमकर नारेबाजी और विरोध प्रदर्शन शुरू हो गया।

पूछताछ में ट्रक ड्राइवर ने बताया कि वह कोलकाता से गाय और भैंस का चमड़ा लेकर आया है और पहले भी कई बार इस फैक्ट्री में सप्लाई कर चुका है, हालांकि फैक्ट्री प्रबंधन ने इन आरोपों से साफ इनकार करते हुए कहा कि वे केवल भैंस का चमड़ा मंगवाते हैं और यह माल उनका नहीं है।

घटना के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने फैक्ट्री परिसर में डेरा डाल दिया और मांग की कि ट्रक और फैक्ट्री के स्टॉक का तुरंत सैंपल लिया जाए, मालिक और मैनेजर के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए और जांच पूरी होने तक फैक्ट्री को सील किया जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है और हालात को संभालने की कोशिश कर रही है, फिलहाल ट्रक को जब्त कर दस्तावेजों की जांच की जा रही है, वहीं तहसीलदार ने बताया कि वेटरनरी टीम द्वारा पूरे मामले की जांच की जाएगी और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *