सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले के छपारा थाना क्षेत्र के देवतामऊ गांव से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां शादी के महज पांच दिन बाद ही एक नई नवेली दुल्हन की अचानक मौत हो गई, इस घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार देवतामऊ निवासी कल्याण धुर्वे की शादी 22 अप्रैल को छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना क्षेत्र के लिखड़ी गांव निवासी कविता के साथ हुई थी, शादी के बाद दुल्हन अपने मायके चली गई थी और 25 अप्रैल को पति उसे विदा कराकर बाइक से वापस ससुराल ला रहा था।
इसी दौरान गांव से करीब 20 किलोमीटर पहले रास्ते में ही कविता की तबीयत अचानक बिगड़ गई और उसे उल्टियां होने लगीं, परिजन उसे किसी तरह घर लेकर पहुंचे, लेकिन थोड़ी ही देर बाद उसकी मौत हो गई, जिससे खुशियों का माहौल पलभर में मातम में बदल गया।
घटना की सूचना मिलते ही मायके पक्ष को बुलाया गया और शव को छपारा अस्पताल ले जाया गया, जहां नायब तहसीलदार की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया है, फिलहाल मौत के असली कारणों का खुलासा रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
नई दुल्हन की इस अचानक मौत ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है और हर कोई यही सवाल कर रहा है कि आखिर ऐसी क्या वजह रही, जिसने कुछ ही दिनों में एक नई जिंदगी को खत्म कर दिया।

