खंडवा। युवक शराब बेचने के आरोपों के बीच खुद को खंडवा विधायक कंचन तनवे का भांजा बता रहा है। युवक विधायक को मामी और उनके पति मुकेश तनवे को मामा बताते हुए उनसे बात कराने की बात भी कहता नजर आ रहा है।
डायरी पर शराब बेचने का आरोप
वायरल वीडियो में युवक अपना नाम सदानंद और खुद को खिड़गांव का रहने वाला बता रहा है। आरोप है कि वह ठेके से खरीदी गई शराब को डायरी पर बेच रहा था। इसी दौरान बनाए गए वीडियो में उसने विधायक से रिश्तेदारी का दावा किया।
हालांकि इस दावे की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। वहीं विधायक कंचन तनवे ने युवक से किसी भी तरह का संबंध होने से साफ इनकार किया है।
विधायक बोलीं- कानून से ऊपर कोई नहीं
विधायक ने कहा कि वीडियो में खुद को उनका भांजा बताने वाले युवक से उनका कोई लेना-देना नहीं है और वह उसे जानती तक नहीं हैं। उन्होंने साफ कहा कि अवैध शराब का कारोबार करने वाला कोई भी व्यक्ति बख्शा नहीं जाएगा।
विधायक ने यह भी कहा कि रिश्तेदारी के नाम पर किसी को संरक्षण नहीं दिया जाएगा। उनका कहना है कि कानून से ऊपर कोई नहीं है और अगर उनका सगा भांजा भी इस तरह के अवैध कारोबार में शामिल पाया जाता, तो वह खुद प्रशासन से उसके खिलाफ कार्रवाई करने को कहतीं।
अवैध शराब के खिलाफ महिलाओं ने भी खोला मोर्चा
खंडवा में अवैध शराब के खिलाफ समाजसेवी ममता मोरे और महिलाओं की ओर से भी विरोध जताया जा रहा है। विधायक ने प्रशासन से अपील की है कि किसी भी दबाव में आए बिना अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
फिलहाल सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और युवक के विधायक का रिश्तेदार होने के दावे को लेकर चर्चा तेज है, लेकिन इस रिश्ते की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। विधायक की ओर से साफ किया गया है कि उनका इस युवक से कोई संबंध नहीं है।

