श्योपुर। मध्य प्रदेश के श्योपुर से धार्मिक आस्था से जुड़े एक कार्यक्रम का वीडियो सामने आया है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर चर्चा तेज हो गई है। वायरल वीडियो में नगरीय प्रशासन आयुक्त संकेत भोंडवे मां गंगा की आरती करते हुए नजर आ रहे हैं। हालांकि, इस दौरान उनके पैरों में जूते दिखाई दे रहे हैं। धार्मिक परंपराओं में देवी-देवताओं और पवित्र नदियों की आरती के दौरान जूते-चप्पल उतारने की परंपरा को महत्व दिया जाता है। ऐसे में वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सवाल उठा रहे हैं कि आखिर मां गंगा की आरती के दौरान जूते पहनने की वजह क्या थी।
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग इसे धार्मिक मर्यादा से जोड़कर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ लोग इसे एक प्रशासनिक अधिकारी से अपेक्षित संवेदनशीलता के नजरिए से देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर यह सवाल भी उठ रहा है कि क्या किसी धार्मिक स्थल या धार्मिक आयोजन में शामिल होने वाले हर व्यक्ति को वहां की परंपराओं और मर्यादाओं का ध्यान नहीं रखना चाहिए।
अब सवाल यह भी है कि क्या यह सिर्फ एक चूक थी, या फिर किसी वजह से धार्मिक परंपरा का ध्यान नहीं रखा गया। मां गंगा की आरती के दौरान जूते पहनने की आखिर क्या वजह थी, इस पर फिलहाल कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है। फिलहाल वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है और इसी को लेकर लोगों के बीच चर्चा जारी है।

