भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के संकल्प के साथ बाबा बागेश्वर की रथ यात्रा! 5 जिलों में 500 किलोमीटर का सफर, 11 अक्टूबर से शुरुआत

भोपाल। मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री एक बार फिर यात्रा पर निकलने जा रहे हैं। इस बार उनकी यात्रा पदयात्रा नहीं, बल्कि रथ यात्रा होगी। बाबा बागेश्वर ने एक वीडियो जारी कर इस यात्रा का ऐलान किया है।

जानकारी के मुताबिक यह रथ यात्रा आगामी नवरात्रि में 11 अक्टूबर से शुरू होगी और करीब 5 दिनों तक चलेगी। इस दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मध्यप्रदेश के 5 जिलों से गुजरते हुए लगभग 500 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे।

इस यात्रा में छतरपुर, पन्ना, दमोह, सागर और टीकमगढ़ जिले शामिल रहेंगे। बताए गए रूट के अनुसार यात्रा की शुरुआत पन्ना जिले के अमानगंज से होगी। इसके बाद रथ पवई, सागर, दमोह, हटा और टीकमगढ़ होते हुए आगे बढ़ेगा।

बाबा बागेश्वर ने अपने वीडियो संदेश में बताया कि इस रथ यात्रा में देशभर से साधु, संत, महंत और महात्मा भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रथ यात्रा में साधु-संतों का कमंडल होगा और बागेश्वर धाम का मंडल होगा।

यात्रा के दौरान हर दिन रात्रि विश्राम के समय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें सामूहिक हनुमान चालीसा का पाठ, हवन और अन्य धार्मिक अनुष्ठान शामिल होंगे। इसी दौरान श्रद्धालुओं को हिंदू राष्ट्र बनाने का संकल्प भी दिलाया जाएगा।

इस यात्रा को लेकर बागेश्वर धाम और यात्रा से जुड़े जिलों में तैयारियां शुरू होने की बात कही गई है। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और साधु-संतों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है।

अब देखना होगा कि 11 अक्टूबर से शुरू होने वाली बाबा बागेश्वर की यह रथ यात्रा किन-किन पड़ावों से होकर गुजरती है और अलग-अलग जिलों में इसे लेकर श्रद्धालुओं की कैसी भागीदारी देखने को मिलती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *