खरगोन। मध्य प्रदेश के खरगोन से जुड़े चर्चित मामले में मोनालिसा और फरमान की तलाश के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है, जहां दोनों के अचानक गायब होने के बाद पुलिस की विशेष टीम केरल पहुंचकर जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले में एसपी के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें थाना प्रभारी, सब-इंस्पेक्टर, महिला अधिकारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल हैं। यह टीम केरल में स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर सबूत जुटाने और दोनों की लोकेशन ट्रेस करने का काम कर रही है।
बताया जा रहा है कि शादी के बाद मोनालिसा के नाबालिग होने की पुष्टि हुई थी, जिसके बाद महेश्वर थाने में फरमान के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से ही पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है।
मामले में सामने आया है कि मोनालिसा और फरमान की मुलाकात केरल में हुई थी, जहां दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और उन्होंने परिवार की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी कर ली।
अब पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और दोनों की तलाश के लिए अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी जा रही है, ताकि जल्द से जल्द पूरे मामले का खुलासा किया जा सके।

