एमपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, टीकमगढ़ एसपी हटाए गए; मुख्यमंत्री के एक्शन के बाद 3 IPS अधिकारियों के तबादले

भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। राज्य सरकार ने तीन भारतीय पुलिस सेवा यानी आईपीएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। इस फेरबदल में सबसे बड़ी कार्रवाई टीकमगढ़ के पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई पर हुई है, जिन्हें उनके पद से हटा दिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, हाल ही में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के टीकमगढ़ दौरे के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों और भाजपा नेताओं ने एसपी मनोहर सिंह मंडलोई के कार्यों को लेकर कई शिकायतें की थीं। इसके बाद सरकार ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक बदलाव का फैसला लिया।

गृह विभाग के आदेश के मुताबिक, वर्ष 2012 बैच के आईपीएस अधिकारी मनोहर सिंह मंडलोई को टीकमगढ़ एसपी के पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय भोपाल में सहायक पुलिस महानिरीक्षक यानी एआईजी के पद पर पदस्थ किया गया है।

वहीं, वर्ष 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान श्योपुर एसपी सुधीर कुमार अग्रवाल को टीकमगढ़ जिले की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, वर्ष 2018 बैच के आईपीएस अधिकारी मोती उर रहमान, जो वर्तमान में 9वीं वाहिनी एसएएफ रीवा में सेनानी के पद पर कार्यरत थे, उन्हें श्योपुर जिले का नया पुलिस अधीक्षक नियुक्त किया गया है।

सरकार के इस फैसले को प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा है। अब सभी की नजर इस बात पर है कि नए अधिकारियों की नियुक्ति के बाद इन जिलों में कानून-व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों में क्या बदलाव देखने को मिलते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *