देवास पटाखा फैक्ट्री विस्फोट पर CM डॉ. मोहन सख्त, जांच के आदेश जारी, मृतकों के परिवारों को 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान

भोपाल। मध्य प्रदेश के देवास जिले के टोंककला में हुई पटाखा फैक्ट्री की भीषण दुर्घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट में कई लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई है। इस दर्दनाक हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताया है और तुरंत उच्च स्तरीय जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने जिले के प्रभारी मंत्री और उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, गृह सचिव समेत वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन और पुलिस की टीमें राहत और बचाव कार्य में जुटी हुई हैं, जबकि घायलों को अस्पताल पहुंचाने का काम लगातार जारी है।

राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया है। साथ ही सभी घायलों के मुफ्त इलाज के निर्देश भी जारी कर दिए गए हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोकाकुल परिवारों को संबल और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।

बताया जा रहा है कि धमाका इतना भयानक था कि शवों के टुकड़े 20 से 25 फीट दूर तक जा गिरे। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए हैं। कलेक्टर ने अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि की है, जबकि आरएमओ के मुताबिक मृतकों की संख्या तीन बताई जा रही है। एक दर्जन से ज्यादा घायल हुए हैं, जिनमें कई की हालत गंभीर है। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।

फिलहाल प्रशासन विस्फोट के कारणों की जांच में जुटा हुआ है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं। पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच और राहत कार्य जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *