कोलकाता/भोपाल। पश्चिम बंगाल के कोलकाता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भाजपा के पक्ष में जोरदार चुनावी प्रचार करते हुए घर-घर और दुकानों तक पहुंचकर लोगों से सीधा संवाद किया और सरकार बनाने की अपील की, इस दौरान उन्होंने कमरहाटी क्षेत्र के वार्ड 24 और 112 में जनसंपर्क करते हुए कहा कि अब जनता ठहराव नहीं बल्कि विकास और बदलाव चाहती है।
सीएम मोहन यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जब देश के अन्य राज्य तेजी से विकास कर रहे हैं तो बंगाल पीछे क्यों रहे, उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य पिछड़ता जा रहा है और इसे आगे बढ़ाने के लिए भाजपा की जरूरत है, उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आगे बढ़ रहा है लेकिन बंगाल को भी उसी राह पर लाने के लिए जनता को कमल का साथ देना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बंगाल की जनता अब तथाकथित जंगलराज से मुक्ति चाहती है और विकास की दिशा में आगे बढ़ना चाहती है, उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा की सरकार बनने पर जनकल्याण की योजनाओं की रफ्तार कई गुना बढ़ेगी और लोगों की समस्याओं का तेजी से समाधान होगा।
दो दिवसीय बंगाल दौरे पर पहुंचे सीएम मोहन यादव लगातार जनसभाएं और जनसंपर्क कर रहे हैं, जहां वे लोगों से सीधे संवाद कर बदलाव की जरूरत पर जोर दे रहे हैं और भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने में जुटे हुए हैं।

