भोपाल। मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले में हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। पुष्पराजगढ़ क्षेत्र के ग्राम बिजौरा में श्रद्धालुओं से भरी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मंदिर जाते समय पलट गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। इस दुखद घटना पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने हादसे को बेहद पीड़ादायक बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
सीएम डॉ. मोहन यादव ने मृतकों के परिजनों को राज्य शासन की ओर से 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही हादसे में घायल हुए लोगों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर संदेश जारी करते हुए कहा कि अनूपपुर जिले में श्रद्धालुओं को लेकर मंदिर जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली के पलटने से लोगों की असामयिक मृत्यु और घायल होने की खबर अत्यंत दुखद है। उन्होंने बाबा महाकाल से दिवंगत आत्माओं की शांति और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
फिलहाल प्रशासन की निगरानी में घायलों का उपचार जारी है और हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है। इस दुखद दुर्घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

