लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बेंगलुरु पहुंच गए हैं, जहां उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री ‘उत्तर प्रदेश ग्लोबल ग्रोथ डायलॉग 2026’ और इन्वेस्टर रोडशो में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम का मकसद उत्तर प्रदेश में नए निवेश को बढ़ावा देना और देश-दुनिया के निवेशकों को राज्य की विकास संभावनाओं से परिचित कराना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ निवेशकों के साथ संवाद करेंगे और उत्तर प्रदेश में उपलब्ध निवेश के अवसरों, उद्योगों के लिए बनाई गई नीतियों और बेहतर कारोारी माहौल की जानकारी देंगे। सरकार का कहना है कि राज्य में बुनियादी ढांचे, औद्योगिक विकास और निवेश को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
रोडशो में देश के कई बड़े उद्योगपति, कारोबारी समूहों के प्रतिनिधि और निवेशक शामिल होने वाले हैं। इस दौरान उत्तर प्रदेश को निवेश के लिए एक मजबूत और भरोसेमंद गंतव्य के रूप में प्रस्तुत किया जाएगा। मुख्यमंत्री निवेशकों को प्रदेश में नए उद्योग स्थापित करने और विभिन्न क्षेत्रों में निवेश करने के लिए आमंत्रित करेंगे।
सरकार का मानना है कि नए निवेश से प्रदेश में रोजगार के अवसर बढ़ेंगे, स्थानीय उद्योगों को मजबूती मिलेगी और आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। ऐसे आयोजनों के जरिए उत्तर प्रदेश को देश के प्रमुख निवेश केंद्रों में शामिल करने की दिशा में प्रयास जारी हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा राज्य में निवेश आकर्षित करने की रणनीति का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है। उम्मीद की जा रही है कि इस पहल से आने वाले समय में उत्तर प्रदेश की औद्योगिक और आर्थिक प्रगति को और मजबूती मिलेगी।

