दतिया। मध्य प्रदेश की बहुचर्चित दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस ने बड़ी जीत दर्ज की है। अंतिम और आधिकारिक मतगणना के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को 6,056 वोटों के अंतर से हराकर जीत हासिल की है। नतीजे सामने आते ही दतिया में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच जश्न का माहौल बन गया। जगह-जगह मिठाइयां बांटी गईं और आतिशबाजी कर जीत का उत्सव मनाया गया।
उधर, हार के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी मतगणना स्थल पहुंचे और मीडिया से बातचीत करते हुए जनता के फैसले को सम्मानपूर्वक स्वीकार किया। उन्होंने हाथ जोड़कर मतदाताओं का आभार व्यक्त किया और कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि होता है। उन्होंने यह भी कहा कि चुनाव में हार के कारणों की पार्टी और संगठन स्तर पर गंभीरता से समीक्षा की जाएगी।
गौरतलब है कि मतदान के बाद से ही दतिया उपचुनाव भीतरघात और राजनीतिक खींचतान को लेकर चर्चा में बना हुआ था। मतगणना से ठीक पहले कांग्रेस ने अपने पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निलंबित भी किया था।
इन सभी राजनीतिक घटनाक्रमों के बीच कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह की 6 हजार से अधिक वोटों की जीत को पार्टी के लिए बड़ी राजनीतिक सफलता माना जा रहा है। वहीं अब इस नतीजे के बाद प्रदेश की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं भी तेज हो गई हैं।

