भोपाल। दतिया विधानसभा उपचुनाव के नतीजों के बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पहली प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता के जनादेश का सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि होता है और भाजपा इसे पूरी विनम्रता के साथ स्वीकार करती है।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि दतिया विधानसभा सीट पिछले चुनाव में भी कांग्रेस के पास थी और इस उपचुनाव में भी कांग्रेस ने अपनी सीट बरकरार रखी है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि इस बार भाजपा को पिछले विधानसभा चुनाव की तुलना में करीब 1,700 अधिक वोट मिले हैं, जिसे पार्टी सकारात्मक संकेत मानती है।
मुख्यमंत्री ने भाजपा की हालिया चुनावी सफलताओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव के बाद पार्टी ने मध्य प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज की। इसके अलावा बुधनी विधानसभा उपचुनाव में भाजपा ने जीत हासिल की और अमरवाड़ा सीट भी कांग्रेस से अपने नाम की। वहीं हाल ही में हुए राज्यसभा चुनाव में भी भाजपा ने तीनों सीटों पर विजय प्राप्त की।
डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चुनाव में सभी राजनीतिक दल जनता के सामने अपना पक्ष रखते हैं। भाजपा ने भी पूरी ताकत के साथ चुनाव लड़ा और जनता ने जो फैसला दिया, उसे पार्टी सम्मानपूर्वक स्वीकार करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस परिणाम की समीक्षा करेगी और आने वाले सभी चुनाव नई रणनीति और पूरी मजबूती के साथ लड़ेगी।

