श्मशान की जमीन पर निर्माण से बवाल! खुदाई में मिले कंकाल, विरोध के बाद प्रभारी मंत्री ने रुकवाया काम

मध्य प्रदेश के आगर मालवा में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया, जब नगर पालिका द्वारा श्मशान भूमि पर प्रस्तावित फायर स्टेशन के निर्माण कार्य का विरोध तेज हो गया। हिंदू समाज के लोगों ने आरोप लगाया कि जिस जगह निर्माण कराया जा रहा है, वह वर्षों पुरानी श्मशान भूमि है और यहां खुदाई के दौरान कंकाल भी निकल रहे हैं। मामले ने तूल पकड़ा तो बड़ी संख्या में लोग विश्राम गृह पहुंचे और जिले के प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान को ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि यह कोई सामान्य शासकीय भूमि नहीं, बल्कि समाज की आस्था और अंतिम संस्कार से जुड़ा पवित्र स्थल है। उनका कहना है कि वे फायर स्टेशन जैसी जनहित की परियोजना के खिलाफ नहीं हैं, लेकिन इसके लिए किसी अन्य स्थान का चयन किया जाना चाहिए, ताकि धार्मिक भावनाएं आहत न हों।

हिंदू समाज के प्रतिनिधियों ने प्रभारी मंत्री को बताया कि निर्माण स्थल पर खुदाई के दौरान मानव कंकाल मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद लोगों में आक्रोश और बढ़ गया। उन्होंने मांग की कि श्मशान भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और यहां किसी भी तरह का निर्माण न किया जाए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी मंत्री नागर सिंह चौहान ने मौके पर मौजूद लोगों की बात सुनी। उन्होंने जमीन पर बैठकर आम नागरिकों से संवाद किया और अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रोकने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि प्रशासन सभी पक्षों के साथ चर्चा करेगा और आपसी सहमति से समाधान निकाला जाएगा।

उन्होंने यह भी कहा कि फायर स्टेशन के लिए वैकल्पिक स्थान तलाशा जाएगा, ताकि विकास कार्य भी प्रभावित न हो और लोगों की धार्मिक आस्था का सम्मान भी बना रहे। हालांकि, समाज के लोगों का कहना है कि जब तक उन्हें लिखित आदेश और श्मशान भूमि की सुरक्षा का स्पष्ट आश्वासन नहीं मिल जाता, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

फिलहाल, प्रभारी मंत्री के हस्तक्षेप के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है, लेकिन इस पूरे मामले ने एक बार फिर विकास कार्यों और धार्मिक आस्थाओं के बीच संतुलन बनाने की चुनौती को सामने ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *