दतिया। मध्य प्रदेश की हाई-प्रोफाइल दतिया विधानसभा उपचुनाव में चुनाव प्रचार का शोर अब थम चुका है। मंगलवार शाम पांच बजे प्रचार समाप्त होने के साथ ही जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गई है। मतदान से पहले निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
दतिया पुलिस ने आदर्श आचार संहिता का सख्ती से पालन कराने के लिए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। पुलिस अधीक्षक मयूर खंडेलवाल ने इसके लिए चार विशेष टीमों का गठन किया है। ये टीमें होटल, लॉज, ढाबों और अन्य ठहराव स्थलों पर सघन चेकिंग कर रही हैं। साथ ही विधानसभा क्षेत्र में मौजूद बाहरी व्यक्तियों की पहचान और जांच भी की जा रही है।
इस बार दतिया उपचुनाव में मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय माना जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी, कांग्रेस और आजाद समाज पार्टी ने चुनाव प्रचार के दौरान अपनी पूरी ताकत झोंक दी। मतदान से पहले दोनों प्रमुख दलों के दिग्गज नेताओं ने दतिया में जमकर प्रचार किया।
भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मां पीतांबरा पीठ में दर्शन के बाद भव्य रोड शो किया। वहीं केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बसई क्षेत्र में जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशी के लिए समर्थन मांगा। इसके अलावा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मंत्री प्रहलाद पटेल और पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी लगातार जनसंपर्क किया।
दूसरी ओर कांग्रेस ने भी पूरी ताकत के साथ मैदान संभाला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी और नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार पिछले कई दिनों से दतिया में डेरा डाले रहे। उन्होंने नुक्कड़ सभाओं और जनसंपर्क के जरिए मतदाताओं तक पहुंचने का प्रयास किया। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह, प्रियव्रत सिंह और सचिन यादव ने भी घर-घर पहुंचकर चुनावी माहौल को गर्माए रखा।
अब चुनावी शोर थम चुका है और दतिया की जनता मतदान के लिए तैयार है। ऐसे में सभी की निगाहें पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था और 30 जुलाई को होने वाले मतदान पर टिकी हुई हैं।

