महिला आरक्षण पर डॉ. मोहन यादव का कांग्रेस पर हमला, बोले- नीति और नियत में फर्क, ‘नारी शक्ति वंदन’ से मिलेगा बड़ा बल

भोपाल। महिला आरक्षण के मुद्दे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर दोहरा मापदंड अपना रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण की बात तो करती है, लेकिन जब उसे लागू करने की बात आती है तो पीछे हट जाती है, जिससे उसकी नीति और नियत में साफ फर्क नजर आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महिला आरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय पर सभी दलों को एकजुट होकर काम करना चाहिए था, लेकिन विपक्ष लगातार इसमें अड़ंगे डालने का काम करता रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे मुद्दों पर सदन के भीतर चर्चा होनी चाहिए, न कि जनता के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की जाए, क्योंकि इसका असर सीधे आधी आबादी पर पड़ता है।

उन्होंने तीन तलाक कानून का जिक्र करते हुए कहा कि पहले इसे खत्म करने में भी कांग्रेस ने विरोध का रुख अपनाया था, जबकि सरकार महिलाओं के अधिकार और सम्मान को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा लाए गए ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ को ऐतिहासिक और क्रांतिकारी कदम बताते हुए कहा कि इससे महिलाओं को लोकतंत्र में नई ताकत मिलेगी और उनकी भागीदारी बढ़ेगी।

उन्होंने कहा कि नए परिसीमन के साथ लोकतंत्र और मजबूत होगा और यह निर्णय देश की आधी आबादी को सशक्त बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *