ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की तबीयत बिगड़ी, दिल्ली के निजी अस्पताल में भर्ती

ग्वालियर। मध्य प्रदेश से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। प्रदेश के ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर पिछले कुछ दिनों से तेज बुखार से पीड़ित थे। शुरुआत में उनका इलाज स्थानीय स्तर पर चल रहा था, लेकिन स्वास्थ्य में अपेक्षित सुधार नहीं होने और तबीयत अधिक खराब होने पर उन्हें भोपाल से दिल्ली रेफर किया गया।

बताया जा रहा है कि दिल्ली के एक निजी अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार जारी है। फिलहाल उनकी विभिन्न चिकित्सीय जांचें की जा रही हैं और डॉक्टर लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

मंत्री के अस्पताल में भर्ती होने की खबर सामने आते ही उनके समर्थकों और शुभचिंतकों में चिंता का माहौल है। वहीं, प्रदेश के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

अस्पताल या सरकार की ओर से अभी तक उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर कोई विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी नहीं किया गया है। हालांकि सूत्रों के अनुसार उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है और डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज जारी है।

फिलहाल सभी की नजरें ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के स्वास्थ्य अपडेट पर टिकी हुई हैं और उनके जल्द स्वस्थ होकर लौटने की कामना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *