भोपाल। मध्य प्रदेश के चर्चित पूर्व आईएएस अधिकारी नियाज खान ने राजनीति में आने के संकेत देकर सियासी हलकों में नई चर्चा छेड़ दी है। अपने बेबाक और अलग अंदाज के लिए पहचान रखने वाले नियाज खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट साझा करते हुए कहा है कि अब समय आ गया है कि वे सीधे राजनीति में उतरकर जनसेवा करें।
नियाज खान ने अपने पोस्ट में लिखा कि देश में गिरती राजनीतिक संस्कृति और बढ़ते भ्रष्टाचार को देखते हुए उन्हें लगता है कि राजनीति में आना जरूरी हो गया है। उनके मुताबिक, जनता की सेवा का सबसे प्रभावी माध्यम राजनीति है और इसी के जरिए बड़े स्तर पर बदलाव लाया जा सकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि वे विचारधारा से धर्मनिरपेक्ष हैं। हालांकि, कांग्रेस में शामिल होने को लेकर उन्होंने संशय जताते हुए कहा कि उनके हिंदू उदारवादी विचार शायद कांग्रेस को स्वीकार न हों।
अपने पोस्ट में नियाज खान ने एक ऐसा बयान भी दिया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। उन्होंने मजाकिया लेकिन चर्चित अंदाज में कहा कि अगर कभी “कॉकरोच पार्टी” नाम की कोई पार्टी राजनीति में आती है, तो वे उसे जरूर जॉइन करेंगे।
पूर्व आईएएस के इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाओं की बाढ़ आ गई है। कोई इसे राजनीतिक एंट्री का संकेत मान रहा है, तो कोई इसे उनके खास अंदाज का बयान बता रहा है।
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या नियाज खान वाकई सक्रिय राजनीति में कदम रखेंगे? और अगर हां, तो उनका अगला राजनीतिक ठिकाना कौन सा होगा? आने वाले दिनों में इस पर तस्वीर और साफ हो सकती है।

